Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

मसूरी में बारिश बनी आफत: गनहिल की पहाड़ी से गिरे बोल्डर, सरकारी आवास क्षतिग्रस्त; 5 परिवारों ने रातभर SDM कार्यालय में ली शरण

मसूरी में बारिश बनी आफत: गनहिल की पहाड़ी से गिरे बोल्डर, सरकारी आवास क्षतिग्रस्त; 5 परिवारों ने रातभर SDM कार्यालय में ली शरण

मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच गनहिल की पहाड़ी से बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है। बोल्डरों की चपेट में आने से कचहरी परिसर स्थित सरकारी आवास को भारी नुकसान पहुंचा है। एक कमरे का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे कमरे की दीवार भी दूसरी बार ढह गई। वहीं, अन्य कमरों की दीवारों में भी दरारें आने से यहां रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बुधवार से पहाड़ी से रुक-रुककर बोल्डर गिर रहे हैं। खतरे को देखते हुए सरकारी आवास में रह रहे पांच परिवारों ने पूरी रात एसडीएम कार्यालय के एक हॉल में शरण लेकर बिताई। प्रभावित परिवारों का कहना है कि पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

कचहरी कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि सरकारी आवास में पांच परिवार रह रहे हैं और भवन लगातार खतरे की जद में है। बोल्डर गिरने से भवन को गंभीर नुकसान पहुंचा है और अब यहां रहना सुरक्षित नहीं रह गया है।

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और उन्हें वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पहाड़ी से लगातार गिर रहे बोल्डरों के खतरे का स्थायी समाधान करने की भी मांग उठाई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्र बेहद संवेदनशील हो गया है। ऐसे में अगर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।