मसूरी-देहरादून मार्ग पर जल्द बहाल होगी डबल लेन सुविधा, दो दिन में काम पूरा होने की उम्मीद
मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क धंसने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा धंस गया था, जिसके चलते मार्ग सिंगल लेन रह गया।
सड़क धंसने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को दोबारा डबल लेन बनाने का काम तेज कर दिया है। विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो दिनों में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकेगी।
वर्तमान में सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों को एक ही लेन से गुजारा जा रहा है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर सड़क के दोनों ओर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी वाहनों को नियंत्रित करते हुए बारी-बारी से दोनों दिशाओं का ट्रैफिक संचालित कर रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। लगातार बारिश के बीच भी विभागीय कर्मचारी और मशीनें निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो दिनों के भीतर काम पूरा होने के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।

More Stories
उत्तराखंड में उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत, तीन चरणों में मिलेगा समान काम-समान वेतन
अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार
उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश के आसार, चार जिलों में येलो अलर्ट