बहन की मौत के बाद जीजा पर गंभीर आरोप, HIV बीमारी छिपाने और फर्जी रिपोर्ट बनाने का मामला दर्ज
देहरादून: पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहन की मृत्यु के बाद अपने जीजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी बहन के पति ने अपनी गंभीर बीमारी को छिपाया और फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कराकर परिवार को गुमराह किया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन को 14 फरवरी 2026 को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान हुई जांच में वह HIV संक्रमित पाई गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उनके पति और पुत्र की भी जांच कराने की सलाह दी थी।
आरोप है कि मृतका का पति अस्पताल से चला गया और उसने अपनी जांच नहीं कराई। कुछ दिनों बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी HIV जांच रिपोर्ट भेजी, जिसे ग्राफिक एरा अस्पताल धूलकोट की रिपोर्ट बताया गया। हालांकि परिजनों ने जब अस्पताल प्रशासन से जानकारी ली तो पता चला कि रिपोर्ट पर दर्ज यूएचआईडी नंबर किसी अन्य महिला मरीज का है और संबंधित व्यक्ति के नाम से कोई जांच रिकॉर्ड अस्पताल में मौजूद नहीं है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पति ने इन्द्रेश अस्पताल में दोबारा जांच कराने से भी इनकार कर दिया था। इलाज के दौरान 2 मार्च 2026 को विवाहिता की मृत्यु हो गई।
मृतका के परिजनों का कहना है कि आरोपी ने अपनी बीमारी को छिपाया, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और मृतका की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाया। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने