राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान में बलिदान हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को अल्मोड़ा में नम आंखों से अंतिम विदाई
अल्मोड़ा: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का पार्थिव शरीर रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके गृह जनपद अल्मोड़ा पहुंचा। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का पार्थिव शरीर सेना के विमान से जम्मू से पंतनगर एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद सेना के हेलिकॉप्टर के माध्यम से उन्हें अल्मोड़ा स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचाया गया। यहां सेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक अंतिम सलामी दी।
हेलीपैड से सेना के वाहन में पार्थिव शरीर को उनके पांडेखोला स्थित आवास ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। रास्ते भर नागरिकों ने सड़क किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा की और अपने वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा नगर “भारत माता की जय” और “लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। भावुक माहौल के बीच हर आंख नम दिखाई दी।
अंतिम दर्शन के बाद बलिदानी अधिकारी की अंतिम यात्रा निकाली गई। उनकी पार्थिव देह को विश्वनाथ घाट ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बलिदानी के चाचा और बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।
विश्वनाथ घाट पर भारतीय सेना ने शस्त्र झुकाकर और गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर अपने वीर अधिकारी को अंतिम सलामी दी। सैन्य परंपराओं के अनुरूप पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका साहस, समर्पण और देशभक्ति युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का बलिदान सदैव राष्ट्रवासियों के हृदय में अमर रहेगा।

More Stories
बहन की मौत के बाद जीजा पर गंभीर आरोप, HIV बीमारी छिपाने और फर्जी रिपोर्ट बनाने का मामला दर्ज
गंगा में नहाते समय बहा पर्यटक, 14 सदस्यीय टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा टला, कार और टेम्पो ट्रैवलर की भिड़ंत से मचा हड़कंप