बदरीनाथ हाईवे पर गिरा भारी बोल्डर, 20 मीटर सड़क ध्वस्त; 8 घंटे बाद यात्रा बहाल
बदरीनाथ हाईवे पर हाथी पहाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त हो गई। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और बदरीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब की यात्रा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी।
हालांकि करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर आवाजाही शुरू कर दी गई और यात्रा अब जारी है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें सड़क को सुचारु बनाए रखने में जुटी हैं।
वहीं, मारवाड़ी चौकी से आगे क्रशर के पास भी हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं। यहां सड़क कई जगहों से धंसने के कारण आवाजाही में परेशानी बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते हाईवे पर भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।
पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के बीच प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। संबंधित विभाग संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं और सड़क को सुचारु रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसम की बात करें तो प्रदेश में आज भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गर्जना के साथ एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

More Stories
श्रीनगर में 22% से ज्यादा इलाका भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील, NIT ने तैयार किया रिस्क मैप
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उर्मिला सनावर पर एक और FIR, महिला ने लगाए गंभीर आरोप
उत्तराखंड में उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत, तीन चरणों में मिलेगा समान काम-समान वेतन