नैनीताल में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रक भीड़ में घुसा, दिल्ली की दो महिला पर्यटक गंभीर घायल
उत्तराखंड के नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पर्यटन नगरी नैनीताल में शुक्रवार को एक बेकाबू ट्रक भीड़ में घुस गया, जिससे दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भयावह था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह हादसा मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास हुआ, जहां जल संस्थान का एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पहले एक वैन से टकराया और फिर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक तेजी से सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया।
इसी दौरान वहां से गुजर रही दिल्ली निवासी दो महिला पर्यटक ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को तुरंत बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल के अनुसार घायल महिलाओं की पहचान रितु डांग (42 वर्ष) और भारवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुआ।
फिलहाल दोनों घायल महिलाओं का उपचार जारी है और पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल बना हुआ है।

More Stories
भारतीय शूटिंग के महानायक जशपाल राणा का निधन, खेल जगत में शोक की लहर
मूसलाधार बारिश से खलियाण गांव में भारी तबाही, 300 नाली कृषि भूमि प्रभावित
दोस्त को मनाने के लिए लगाया ‘गुमशुदगी’ का पोस्टर, मजाक पड़ा भारी; मामला पहुंचा थाने