Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

नन्हे पर्वतारोहियों ने माउंट किलिमंजारो फतह कर बढ़ाया उत्तराखंड का मान, CM धामी ने दी बधाई

नन्हे पर्वतारोहियों ने माउंट किलिमंजारो फतह कर बढ़ाया उत्तराखंड का मान, CM धामी ने दी बधाई

अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों बच्चों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

सीएम ने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के दूसरे बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में प्रदेश के युवा लगातार शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।