देहरादून में बैंककर्मी को बीच सड़क गोली मारने से हड़कंप, बाइक सवार बदमाश फरार
देहरादून के पटेलनगर इलाके में मंगलवार रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। चचेरी बहन के साथ स्कूटर पर घर लौट रहे निजी बैंक कर्मचारी सत्यम को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। गोली पेट को छूकर निकल गई, जिसके बाद घायल सत्यम को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना रात करीब आठ बजे बड़ोवाला इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सत्यम पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में काम करते हैं और अपनी चचेरी बहन के साथ डीएसपी चौक स्थित घर जा रहे थे।
इसी दौरान बड़ोवाला में एक बाइक अचानक उनके स्कूटर के सामने आकर रुक गई। सत्यम ने स्कूटर रोका ही था कि बाइक सवार युवकों में से एक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से सत्यम को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में चेकिंग और नाकेबंदी शुरू कर दी।
फिलहाल गोली चलाने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस सत्यम की चचेरी बहन से भी घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी विवाद की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुरानी रंजिश समेत कई अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
17 दिन में दूसरी फायरिंग से उठे सवाल
पटेलनगर इलाके में गोलीबारी की यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि महज 17 दिन के भीतर इसी क्षेत्र में फायरिंग की दूसरी वारदात सामने आई है।
इससे पहले 20 अगस्त को शिमला बाईपास तिराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई थी, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हुआ था। पुलिस ने बाद में आरोपियों को गिरफ्तार किया था और जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई थी।
अब एक बार फिर पटेलनगर में बीच सड़क बैंककर्मी पर गोली चलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—सत्यम को गोली क्यों मारी गई और बाइक सवार हमलावर कौन थे?
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

More Stories
भारत-नेपाल सीमा पर नए मोटर पुल का बोर्ड बना विवाद की वजह, भारतीय गांव के नाम पर नेपाल में आपत्ति
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी तेज, VIP संस्कृति खत्म कर सुगम दर्शन पर जोर
केदारनाथ हेली सेवा के यात्रियों को राहत, 15 सितंबर से शुरू होगी सेवा; किराया नहीं बढ़ेगा