जौलीग्रांट में बारिश का कहर, पुलिया बहने से आधा दर्जन गांवों का संपर्क टूटा; भाई को गोद में लेकर खाला पार करती छात्रा की तस्वीर वायरल
देहरादून के जौलीग्रांट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है। सूर्यधार मार्ग पर बनी अस्थायी पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों का थानो-भोगपुर मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। संपर्क मार्ग बाधित होने से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और जल्द राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
भारी बारिश के कारण सूर्यधार मार्ग पर बनी अस्थायी पुलिया तेज बहाव की भेंट चढ़ गई। पुलिया बहने से आसपास के कई गांवों का मुख्य सड़क मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को अब लंबा और जोखिम भरा रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक बृजभूषण गैरोला और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। बैठक में तय किया गया कि फिलहाल ग्रामीणों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद यहां स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
स्थिति को और गंभीर बना रही है अमगढ़ खाला, जहां लगातार बढ़ते जल प्रवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पहले इस खाले की चौड़ाई करीब 20 फीट थी, लेकिन पिछले वर्ष और इस बार की भारी बारिश के बाद यह बढ़कर लगभग 150 फीट तक पहुंच गई है। ऐसे में खाला पार करना हर दिन जान जोखिम में डालने जैसा बन गया है।
आपदा प्रभावित क्षेत्र से सामने आई तस्वीरें हालात की गंभीरता को साफ बयां कर रही हैं। गडूल पंचायत के सिल्ला चौकी में ग्रामीणों को उफनते खाले को पार कर अपने दैनिक कार्यों के लिए आना-जाना पड़ रहा है। सबसे मार्मिक तस्वीर एक स्कूली छात्रा की सामने आई है, जो अपने छोटे भाई को गोद में उठाकर खाला पार करती दिखाई दे रही है। यह दृश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और ग्रामीणों की मजबूरी को उजागर करता है।
अब स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द स्थायी पुल निर्माण और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

More Stories
देहरादून में नर्सिंग बेरोजगारों का उग्र प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री आवास घेराव के दौरान युवती ने पी लिया फिनायल
राजाजी टाइगर रिजर्व में सड़क चौड़ीकरण पर डब्ल्यूआईआई की आपत्ति, बाघों की मौजूदगी के चलते बदलेगा प्लान
मासूमों को बचाने कूदा सब्जी विक्रेता, जहरीली टंकी में मौत से लड़कर सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती