गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, गंगा नदी में गिरने से बाल-बाल बचा कांवड़ यात्रियों से भरा पिकअप
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गंगोत्री की ओर जा रहा कांवड़ यात्रियों से भरा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गंगा नदी की ओर जा गिरा।
गनीमत रही कि वाहन खाई के मुहाने पर ही अटक गया और सीधे उफनती गंगा नदी में गिरने से बच गया। हादसे के समय वाहन में सवार सभी कांवड़ यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस प्रशासन और सीमा सड़क संगठन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद और बीआरओ के भारी उपकरणों की सहायता से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद खाई की ओर लटके पिकअप वाहन को सुरक्षित सड़क पर खींच लिया गया। हादसे के बाद प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और मानसून के दौरान गंगोत्री हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने चालकों से वाहनों की गति नियंत्रित रखने और खराब मौसम व संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है।

More Stories
मसूरी में रिटायर्ड सैन्यकर्मी ने की आत्महत्या, किराए के मकान के बाहर फंदे से लटका मिला शव
कांवड़ से पैर टकराने पर बवाल, राहगीर से मारपीट; पुलिस ने संभाला मोर्चा
हरिद्वार तक पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड के बीच एमओयू से निर्माण का रास्ता साफ