खालसी रोड पर दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा घायल
उत्तरकाशी जिले के खालसी रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खालसी निवासी सूरज (24) पुत्र श्याम सिंह और सुमन पंवार (25) पुत्र चंदर सिंह कार की धुलाई कर मंडरसगाड़ से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खालसी रोड पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, राजस्व पुलिस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल सुमन पंवार को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमांई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

More Stories
रुद्रप्रयाग में गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी की डेडलाइन बढ़ी, अब 23 अगस्त तक करा सकेंगे सत्यापन
बादशाहपुर में पागल कुत्ते का आतंक! 3 दिन में 10 लोगों पर हमला, बुजुर्ग महिला की हालत नाजुक
मसूरी में भारी बारिश का कहर! देखते ही देखते भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन, 5 लोगों ने भागकर बचाई जान