कांवड़ यात्रा 2026: यात्रियों के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे रहेगा बंद, राज्यों को सख्त तैयारी के निर्देश
30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रियों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित संबंधित राज्यों को पहले से आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार में आयोजित अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ ITBP, CRPF, SSB, RPF, NDRF समेत कई केंद्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने राज्यों की ओर रवाना होते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता सभी राज्यों और एजेंसियों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करेगी।
बैठक में सभी राज्यों को सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा राहत व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कांवड़ यात्रियों के लिए वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य बताया गया और यात्रा के दौरान हथियार या किसी भी प्रतिबंधित सामान के साथ चलने पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। सरकार ने सभी एजेंसियों से सुरक्षित और सुचारु कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।

More Stories
बारिश बनी काल: नाली के पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से टैक्सी चालक ने किया दुष्कर्म का प्रयास
उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे बाधित, केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बढ़ा