देहरादून में छात्रों से बोले राहुल गांधी: “देश में पेपर लीक का पूरा मेन्यू कार्ड तैयार, मेहनत नहीं पैसे से मिल रही नौकरी”
देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक का ऐसा “मेन्यू कार्ड” बन चुका है, जहां हर परीक्षा की कीमत तय है। उनका आरोप था कि पैसे देकर मोबाइल पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मेहनत करने वाले लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि नीट से लेकर विभिन्न भर्ती परीक्षाओं तक पेपर लीक का संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार के अधिकांश रास्ते बंद हो चुके हैं और सरकारी नौकरियों में भी पारदर्शिता की जगह पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का भरोसा तोड़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाली देहरादून की छात्रा रिया थापा के पिता राजेश गुरुंग ने अपनी बेटी की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा के बाद रिया बेहद खुश थी, लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद वह गहरे सदमे में चली गई और आखिरकार उसने आत्महत्या कर ली। अपनी बात बताते हुए वह भावुक हो गए।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में छात्र-केंद्रित और पूरी तरह सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि परीक्षाओं का संचालन सरकार की जिम्मेदारी हो, निजी कंपनियों को यह काम न सौंपा जाए। साथ ही पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, प्रभावित छात्रों को मुआवजा और शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने की भी वकालत की।

More Stories
बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: पूर्व मंदिर अधिकारी गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई करतूत
रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, चारधाम और कॉर्बेट जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत
कांवड़ यात्रा 2026: यात्रियों के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे रहेगा बंद, राज्यों को सख्त तैयारी के निर्देश