Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

ऑरेंज अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित


ऑरेंज अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित

रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी: मौसम विभाग द्वारा रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार, 30 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

बुधवार देर रात तक जिलाधिकारी जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) से मौसम की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और केदारनाथ यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने सभी विभागों को सतर्क रहते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।

वहीं, उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़, बाडिया गांव के नीचे और हनुमान चट्टी के पास भारी बारिश के कारण मलबा और पत्थर आने से आवाजाही बाधित हो गई है। पिछले कई दिनों से हाईवे बंद होने और यात्रा स्थगित रहने के कारण पूरे मार्ग पर सन्नाटा पसरा हुआ है। संबंधित विभाग की टीमें लगातार मलबा हटाकर हाईवे को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने में जुटी हुई हैं।