भारी बारिश से केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित, अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के निशान के करीब
रुद्रप्रयाग: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर भी देखने को मिला है। बीती रात हुई भारी बारिश के बाद गौरीकुंड से आगे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर दो से तीन स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से बृहस्पतिवार सुबह यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी है। मौके पर वाईएमएफ और डीडीआरएफ की टीमें तैनात हैं, जबकि संबंधित विभाग मलबा हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के कार्य में जुटे हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही यात्रा मार्ग को दोबारा खोलने का प्रयास किया जाएगा।
उधर, रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोनों नदियां चेतावनी स्तर को पार कर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गई हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सुबह सात बजे अलकनंदा का जलस्तर 626.89 मीटर और मंदाकिनी का जलस्तर 625.90 मीटर दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में जखोली में 54 मिमी, ऊखीमठ में 38.20 मिमी और रुद्रप्रयाग में 4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते जिले में कोहरा और बादल छाए हुए हैं। प्रशासन ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के माध्यम से लाउडस्पीकर से लोगों से नदी किनारों और बरसाती नालों से दूर रहने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

More Stories
ऑरेंज अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित
बारिश से जोशीमठ के किमाना गांव में तबाही, मलबा और पानी घरों तक पहुंचा
हरिद्वार से शुरू हुई आस्था की महायात्रा, ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजी धर्मनगरी