उत्तराखंड में फिर बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में यलो अलर्ट; देहरादून में स्कूल बंद
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और गर्जन के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून में आज कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश के बाद बुधवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन में तेज धूप खिलने से गर्मी बढ़ी और देहरादून के अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों को खुले में आवाजाही करने में परेशानी हुई।
हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मालदेवता में सबसे अधिक 83.0 एमएम और सहस्रधारा में 65.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। मसूरी में 18.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई।

More Stories
बारिश का कहर: डिमटा बैंड में NH-707A का बड़ा हिस्सा टूटा, मसूरी-यमुना ब्रिज मार्ग बंद
चमोली टनल हादसा: मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख, घायलों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि
राज्य वन सेवा के 28 अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा, देहरादून में दीक्षांत समारोह