हरिद्वार में कांवड़ यात्री को मारी गोली, गंभीर हालत में एम्स रेफर
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी अजय के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल नोएडा लौट रहा था। देर रात गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम के दौरान पुल पर मौजूद कुछ युवकों से कांवड़ियों की कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक नीचे आए और उनमें से एक ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि अजय का दल 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में यात्रा कर रहा था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More Stories
मरम्मत के लिए पूरी तरह बंद हुआ रामझूला पुल, दिसंबर तक आवाजाही बहाल करने का लक्ष्य
केदारनाथ धाम में तीर्थयात्री की बिगड़ी तबीयत, एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
रुद्रपुर में युवती के अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज