Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

हरिद्वार तक पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड के बीच एमओयू से निर्माण का रास्ता साफ

हरिद्वार तक पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड के बीच एमओयू से निर्माण का रास्ता साफ

हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार का रास्ता अब साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के बीच इस संबंध में समझौता यानी एमओयू हो चुका है। समझौते में दोनों राज्यों की जिम्मेदारियां भी स्पष्ट रूप से तय की गई हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पास रहेगी। वहीं, उत्तराखंड सरकार भूमि अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग समेत जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी। खास बात यह है कि इस परियोजना के निर्माण का कोई वित्तीय भार उत्तराखंड सरकार पर नहीं पड़ेगा।

प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बिजनौर के रास्ते हरिद्वार से जुड़ेगा और यह हिस्सा करीब 30 किलोमीटर लंबा होगा। दोनों राज्यों के बीच पिछले महीने ही इसको लेकर सहमति बनी थी। संबंधित एमओयू को अंतिम रूप दिया जा चुका है और कैबिनेट से भी मंजूरी मिल गई है।

गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक पहुंचने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक निवेश और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है।

परियोजना को लेकर दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ भी प्रस्तावित मार्ग और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई है।