स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाशों ने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रईस घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, रईस प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो साल पहले हुए गोकशी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में रईस ने कथित तौर पर गोकशी के लिए टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करने की बात भी स्वीकार की है। फरार आरोपी नवाब की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।

More Stories
बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में नया मोड़, आरोपी की मां ने BKTC से मांगी 11 बिंदुओं पर RTI
कांवड़िए गंगा जल ले गए, हरिद्वार में छोड़ गए 7 हजार मीट्रिक टन कूड़ा
उत्तराखंड में मदरसों की मान्यता प्रक्रिया सुस्त, 452 में सिर्फ 7 को मिली मंजूरी