सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित होने वाले “खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी” की रूपरेखा तय कर दी है। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है।
खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं, 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्तूबर 2026 तक चलेंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित होंगी, जबकि अन्य कुछ प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
खेल महाकुंभ के जरिए युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने और जिला, राज्य व उच्च स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

More Stories
उत्तराखंड में तीन माह में शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा, सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे डायलिसिस के निर्देश
शक्ति नहर में गिरी कार, लापता युवक की तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन
पीपलकोटी-विष्णुगाड टनल हादसे में एक और श्रमिक की मौत, मृतकों की संख्या 11 पहुंची