Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर उत्तराखंड में शिकंजा तेज, सोशल मीडिया निगरानी के लिए बनेगा विशेष सेल

 

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर उत्तराखंड में शिकंजा तेज, सोशल मीडिया निगरानी के लिए बनेगा विशेष सेल

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रभावित करने के आरोपों के बीच पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क पर उत्तराखंड में निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल गठित करने की तैयारी है, ताकि प्रदेश में इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

इंटेलिजेंस की बैठक में अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर भट्टी के नेटवर्क को लेकर विशेष निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में आतंकवाद की बदलती चुनौतियों से निपटने और केंद्र की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति एवं रणनीति के तहत प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर संचालित आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क की सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई।

बताया गया है कि भट्टी के नेटवर्क से जुड़े 253 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया जा चुका है। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से जुड़े लोगों की संख्या अधिक बताई गई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इनमें से कई लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भट्टी के संपर्क में आए थे।

वहीं, उत्तराखंड आतंकवाद निरोधी दस्ते यानी ATS को भी पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत उत्तराखंड ATS देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली और सफल ऑपरेशनों का अध्ययन करेगी, ताकि आतंकवाद और कट्टरपंथ से निपटने के लिए प्रभावी तरीकों को राज्य में अपनाया जा सके।

बैठक में हाल के ऑपरेशनों और उनसे मिले अनुभवों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया के जरिए संचालित नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए।