विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव आज, 14 बूथों पर 8776 छात्र करेंगे मतदान; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आज छात्रसंघ चुनाव को लेकर मतदान हो रहा है। 14 बूथों पर कुल 8776 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बिड़ला परिसर में मतदान प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना शुरू होगी और शाम 5 बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बिड़ला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी जवानों के साथ ही जनपद के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने छात्र संगठनों और विद्यार्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र ऐसी प्रिंटेड सामग्री का इस्तेमाल न करे, जिससे किसी संगठन की पहचान उजागर होती हो। सभी छात्र संगठनों और छात्रों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है।
मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार ने बताया कि कुल 8776 छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र वितरित किए गए हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी नुपूर वर्मा ने चुनाव समिति को लिंगदोह समिति की सिफारिशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।

More Stories
लामबगड़ में बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से अलकनंदा नदी की ओर झूली यात्रियों से भरी बस
बद्रीनाथ धाम के तप्त कुंड में हादसा, स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत
अलीगढ़ में 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बीमारी से परेशान होने की बात सामने आई