Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

लामबगड़ में बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से अलकनंदा नदी की ओर झूली यात्रियों से भरी बस

लामबगड़ में बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से अलकनंदा नदी की ओर झूली यात्रियों से भरी बस

उत्तराखंड के लामबगड़ से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से गुजरात के 25 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश लौट रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होते ही बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी की ओर झूल गई और सड़क किनारे जाकर रुक गई।

बस के नदी की तरफ झूलते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई। बताया जा रहा है कि लामबगड़ स्लाइड जोन में सड़क खराब होने के कारण बस की रफ्तार पहले से कम थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से बस नदी की ओर जाने लगी।

अगर बस की रफ्तार अधिक होती तो यहां बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही लामबगड़ चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।

गोविंदघाट थाना प्रभारी त्रिगुप्ता ने बताया कि सभी 25 यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस के जरिए ऋषिकेश रवाना कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।