मंदिर में डबल मर्डर से सनसनी: जंगल में गड्ढे में दफन मिले दो साधुओं के शव, तीन संदिग्ध साधु फरार
थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दोनों के शव दफनाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
पुलिस के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी के लापता होने तथा अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना दी। इसके बाद थाना पथरी प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
पुलिस के संदेह के घेरे में वे तीन साधु हैं, जो दो दिन पहले मंदिर में ठहरे थे और घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

More Stories
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: कई जिलों में ऑरेंज-येलो चेतावनी, 98 सड़कें बंद
NEET पेपर लीक पर युवाओं का फूटा गुस्सा, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे समेत कई सड़कें बंद, आज भी रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की चेतावनी