भूस्खलन से कर्णप्रयाग-नैनीसैण हाईवे बंद, 30 से ज्यादा गांवों का संपर्क प्रभावित
उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कर्णप्रयाग-नैनीसैण मोटर मार्ग पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बंद पड़ा है।
पीपलसेरा के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे सड़क का एक बड़ा भाग भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद से इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से चट्टानों को तोड़ने और सड़क से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर कर रही है। विभाग का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया तो मार्ग को मंगलवार शाम तक यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
मार्ग बंद होने से कपीरी पट्टी के 30 से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। फिलहाल स्थानीय लोगों को डिम्मर-सिमली मोटर मार्ग से लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड बना आस्था का सबसे बड़ा केंद्र! चारधाम से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़
हिमालय में बदला भालुओं का ठिकाना! काले भालू के क्षेत्र में पहुंचा भूरा भालू, रिसर्च में बड़ा खुलासा
उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर फंसे कांवड़िए, चमोली में कई सड़कें बंद