बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा टला: बस और मैक्स की आमने-सामने टक्कर, सभी यात्री सुरक्षित
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तीनधारा के पास एक बस और मैक्स वाहन की आमने-सामने टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, हरिद्वार से 25 यात्रियों को लेकर जोशीमठ जा रही एक बस की तीनधारा के पास सामने से आ रही मैक्स वाहन से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। मैक्स में आठ यात्री सवार थे और वह देहरादून की ओर जा रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों वाहनों में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें दूसरे वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि दुर्घटना के समय मैक्स में सवार कुछ यात्री सो रहे थे। अचानक टक्कर लगने से कुछ लोगों को मांसपेशियों में खिंचाव और शरीर में दर्द की शिकायत हुई, लेकिन किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द ही सामान्य कर दिया। समय रहते हुए राहत और बचाव कार्य के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

More Stories
देहरादून लाल पुल बस हादसा: अब होगी मजिस्ट्रियल जांच, ने मांगी एक हफ्ते में रिपोर्ट
उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, मदरसा बोर्ड खत्म, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की शुरुआत
भैरवघाटी के पास बाइक हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरा बीआरओ कर्मी लापता