बदरीनाथ धाम में बिगड़ रही श्रद्धालुओं की सेहत, अब तक 7,050 यात्रियों को मिला उपचार, 40 की मौत
बदरीनाथ/उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और मौसम में लगातार बदलाव के कारण कई यात्रियों, खासकर बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत और रक्तचाप संबंधी परेशानियां हो रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 7,050 श्रद्धालुओं को विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।
चारधाम यात्रा के एक महीने के भीतर ही आठ लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि बड़ी संख्या में यात्री स्वास्थ्य परीक्षण कराए बिना ही सीधे धाम पहुंच रहे हैं, जिसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहुंचने पर उनकी तबीयत अचानक खराब हो रही है।
धाम से करीब 15 किलोमीटर पहले पांडुकेश्वर में स्थापित स्वास्थ्य जांच केंद्र पर अब तक 54,007 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें 2,891 श्रद्धालु 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है क्योंकि कई यात्री बिना जांच कराए ही आगे बढ़ जाते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग कर पाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। इसलिए बुजुर्ग, अस्वस्थ और जोखिम वाले यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की है।
यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जहां क्यूआर कोड स्कैन कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और सुझाव प्राप्त किए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बदरीनाथ धाम और गौचर से बदरीनाथ तक के आस्था पथ पर यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने से अब तक 40 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। वहीं गंभीर रूप से बीमार छह श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से बुजुर्गों, हृदय रोगियों, उच्च रक्तचाप और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने तथा यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी है।

More Stories
बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 यात्री घायल
गंगा में समाई कार के लापता यात्रियों की तलाश जारी, घायल बालक आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बदरीनाथ-केदारनाथ में 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन