पीपलकोटी-विष्णुगाड टनल हादसे में एक और श्रमिक की मौत, मृतकों की संख्या 11 पहुंची
चमोली में टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में एक और घायल श्रमिक की मौत हो गई है। एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान श्रमिक ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
हादसा 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे निर्माणाधीन टनल के अंदर करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हुआ था। भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण टनल में 22 श्रमिक फंस गए थे। हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पहले दिन चार श्रमिकों के शव बरामद हुए। इसके बाद 14 अगस्त को तीन और शव मिले, जबकि 15 अगस्त को एक अन्य श्रमिक का शव बरामद किया गया। मंगलवार को भी दो शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान लुकासा टोपनों और चेतन पोयाम के रूप में हुई। लुकासा टोपनों झारखंड और चेतन पोयाम छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
टनल के अंदर करीब 117 घंटे तक लगातार बचाव अभियान चलाया गया। भारी मात्रा में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण रेस्क्यू टीम को बेहद मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए और कीचड़ के बीच लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। टनल में फंसी मशीनों को भी बाहर निकाला गया।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान बारी-बारी से टनल के अंदर जाकर सर्च और रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। लगातार प्रयासों के बाद टनल से श्रमिकों और शवों को बाहर निकालने का अभियान जारी रहा।

More Stories
उत्तराखंड में तीन माह में शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा, सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे डायलिसिस के निर्देश
शक्ति नहर में गिरी कार, लापता युवक की तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन
डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, दो की मौत; तीन की हालत गंभीर