निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दर्दनाक हादसा: लोहे का गार्डर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों की मौत
हरिद्वार के शांतरशाह चौकी क्षेत्र स्थित बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। फ्लाईओवर के नीचे रखा भारी लोहे का गार्डर अचानक खिसककर दो कांवड़ यात्रियों के ऊपर गिर गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद (गाजियाबाद) और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर, मोदीनगर (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौट रहे थे और रास्ते में फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथ चल रहे अन्य कांवड़ यात्रियों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, जिलाधिकारी ने पुलिस और एनएचएआई से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि फ्लाईओवर के नीचे भारी गार्डर किस परिस्थिति में रखा गया था और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने