Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून में बदला मौसम का मिजाज, धूप से बढ़ी गर्मी-उमस; आज भारी बारिश का येलो अलर्ट

देहरादून में बदला मौसम का मिजाज, धूप से बढ़ी गर्मी-उमस; आज भारी बारिश का येलो अलर्ट

मानसून की रफ्तार धीमी पड़ते ही मैदानी इलाकों में मौसम के तेवर बदलने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से बारिश कमजोर पड़ने के साथ ही दिन में तेज धूप खिल रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रहा। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। सुबह आसमान साफ रहा और दोपहर होते-होते गर्मी का असर और बढ़ गया।

बारिश के दौरान जहां मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब धूप की तल्खी ने लोगों को फिर गर्मी का अहसास करा दिया है। बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोगों को उमस के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।

आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में गर्जन के साथ भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

राजधानी देहरादून में सुबह और शाम मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और उमस गर्मी बढ़ा रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के दौरान बारिश की गतिविधियों में उतार-चढ़ाव सामान्य है और बारिश कमजोर पड़ने पर तापमान बढ़ना स्वाभाविक है।