देहरादून: प्रिंस चौक के पास सीट कवर गोदाम में भीषण आग, 15 दमकल वाहनों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
देहरादून के प्रिंस चौक इलाके में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीट कवर के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को चार घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस चौक स्थित चौहान मार्केट में सीट और सोफा कवर बनाने वाली एक फैक्ट्री के गोदाम में सोमवार शाम करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। आग लगते ही कर्मचारियों ने गोदाम से सामान बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चीफ फायर ऑफिसर अभिनव त्यागी के अनुसार, सूचना मिलने के सात मिनट के भीतर दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए थे। आग की गंभीरता को देखते हुए 15 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
गोदाम में बड़ी मात्रा में सीट कवर के साथ टायर भी रखे हुए थे। टायरों की वजह से आग लंबे समय तक सुलगती रही, जिसे तकनीकी भाषा में ‘स्मोल्डरिंग फायर’ कहा जाता है। इसी कारण धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया और आग बुझाने में दमकल कर्मियों को अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल कर्मियों ने गोदाम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जबकि मुख्य गेट से भी लगातार आग बुझाने का काम चलता रहा। गोदाम के भीतर धुएं की अधिकता के कारण एग्जॉस्ट फैन लगाकर धुएं को बाहर निकाला गया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा सके।
घटनास्थल के ऊपर झुके हुए बिजली के तार भी राहत कार्य में बाधा बन रहे थे। किसी बड़े हादसे से बचने के लिए अधिकारियों ने तत्काल आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना अधिक था कि प्रिंस चौक और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हैं।

More Stories
उत्तराखंड में बड़ा बदलाव! 1 जुलाई से खत्म होगा मदरसा बोर्ड, छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
उत्तराखंड में मानसून की धीमी चाल, बढ़ेगी गर्मी और उमस; अगले दो दिन में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड: सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से गिरा बोल्डर, बोलेरो के परखच्चे उड़े; एक की मौत, दो घायल