Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 17 अक्टूबर को होंगे बंद, 20 को गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी उत्सव डोली

चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 17 अक्टूबर को होंगे बंद, 20 को गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी उत्सव डोली

उत्तराखंड के चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए 17 अक्टूबर को बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली विधि-विधान के साथ अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना होगी और 20 अक्टूबर को वहां विराजमान होगी।

रुद्रनाथ मंदिर के पुजारी आचार्य पंडित हरीश भट्ट ने बताया कि 17 अक्टूबर को कार्तिक संक्रांति पर्व के दिन शाम 7 बजकर 47 मिनट पर सूर्य के तुला राशि में प्रवेश के साथ कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद रात 8 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

कपाट बंद होने के अगले दिन 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजे रुद्रनाथ की उत्सव डोली मंदिर से प्रस्थान करेगी और रात्रि प्रवास के लिए डुमक गांव पहुंचेगी।

इसके बाद 19 अक्टूबर को डोली कुजौं गांव पहुंचेगी, जबकि 20 अक्टूबर को देवर गांव होते हुए भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर में विराजमान हो जाएगी।

इसके साथ ही रुद्रनाथ धाम की शीतकालीन पूजा व्यवस्था गोपीनाथ मंदिर से संचालित होगी।