गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा: बोल्डर गिरने से मजदूर 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उत्तरकाशी के गंगोत्री हाईवे पर रतूड़ीसेरा में चल रहे ट्रीटमेंट कार्य के दौरान बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर रोहन उसकी चपेट में आ गया और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने रस्सियों की मदद से उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सड़क के ऊपर पहाड़ी के ढीले हिस्से को हटाने का कार्य चल रहा था, जबकि नीचे नदी की ओर सुरक्षात्मक कार्य के लिए मजदूर ड्रिलिंग कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से बोल्डर गिरने से यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने कार्यदायी संस्था पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मजदूरों को हेल्मेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे बरसात के मौसम में बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
वहीं, बीआरओ कमांडर राजकिशोर ने बताया कि घायल मजदूर को उपचार के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।

More Stories
लक्ष्मणझूला में गंगा स्नान के दौरान युवक बहा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
बदरीनाथ हाईवे पर 3 घंटे जाम, भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में हजारों यात्री फंसे
उत्तराखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, आज कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट