Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

केदारनाथ यात्रा पर हाई अलर्ट! भारी बारिश के खतरे के बीच प्रशासन सतर्क, संगम घाट से श्रद्धालुओं को हटाया

 

केदारनाथ यात्रा पर हाई अलर्ट! भारी बारिश के खतरे के बीच प्रशासन सतर्क, संगम घाट से श्रद्धालुओं को हटाया

 

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील और भूस्खलन संभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर सोनप्रयाग से लेकर केदारनाथ धाम तक सेक्टर अधिकारी, पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। यात्रा मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

संभावित खतरे को देखते हुए केदारनाथ धाम के संगम घाट क्षेत्र से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश और नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। वहीं यात्रियों, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को लगातार मौसम की जानकारी दी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति या सलाह के जोखिम वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।