Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

उत्तराखंड रोडवेज की बड़ी तैयारी! दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी हाइड्रोजन बसें, किराया होगा कम

उत्तराखंड रोडवेज की बड़ी तैयारी! दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी हाइड्रोजन बसें, किराया होगा कम

उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परिवहन निगम जल्द ही उत्तराखंड से दिल्ली मार्ग पर हाइड्रोजन बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इस पहल का मकसद प्रदूषण को लगभग शून्य स्तर पर लाना और यात्रियों को बेहतर व किफायती सफर उपलब्ध कराना है।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर में आयोजित बस एवं कार ओनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रदर्शनी में उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों ने नई तकनीकों का अध्ययन किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत कई आधुनिक मॉडलों में से दो को शुरुआती चरण में उत्तराखंड में लागू करने की योजना बनाई गई है। इनमें सबसे प्रमुख हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली बसें हैं।

अधिकारियों का कहना है कि दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हाइड्रोजन ईंधन की उपलब्धता को देखते हुए पहले चरण में इसी रूट पर बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर परिवहन निगम बोर्ड के सामने रखा जाएगा। बजट का आकलन करने के बाद राज्य सरकार से वित्तीय सहायता भी मांगी जाएगी। उम्मीद है कि इस नई तकनीक से प्रदूषण कम होगा और संचालन लागत घटने पर यात्रियों को किराए में भी राहत मिल सकती है।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए रोडवेज की सभी बसों की निगरानी हेतु एक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस सेंटर से बसों की लाइव लोकेशन, गति, निर्धारित स्टॉपेज और मार्ग पर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों की भी तुरंत पहचान की जा सकेगी।

इसके साथ ही यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाला एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। कमांड सेंटर में मौजूद कर्मचारी यात्रियों की शिकायतें दर्ज कर उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।