Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: यमुनोत्री मार्ग धंसा, हाईवे बंद, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

 

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: यमुनोत्री मार्ग धंसा, हाईवे बंद, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

देहरादून: उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंस गया है, कई स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने से सड़कें बाधित हो गई हैं। टिहरी जिले में नौ ग्रामीण सड़कें बंद हैं, जबकि डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से हाईवे और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग राहत एवं बहाली कार्य में जुटे हुए हैं।

लगातार बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हालात गंभीर हो गए हैं। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। वहीं, पाली गाड़ के पास हाईवे पर चट्टानी बोल्डर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बच गए।

टिहरी जिले में मलबा और बोल्डर गिरने से नौ ग्रामीण संपर्क मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रायपुर-कुमाल्डा-कद्दूखाल, घुत्तू-गंगी, गुल्लर-भगवासेरा, गुल्लर-नाई माथियाली, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी, देवप्रयाग-गाजा-जाजल, लालपुल-भुत्सी, रानीचौरी-नकोट और दिवाड़ा-बांगोली-राजराजेश्वरी मंदिर मार्ग प्रभावित हैं। इन सड़कों को खोलने के लिए मशीनें और टीमें लगातार काम कर रही हैं।

उधर जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बरसाती खाले उफान पर आ गए। भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से पानी की निकासी और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।

वहीं, देहरादून एयरपोर्ट के समीप चोर पुलिया क्षेत्र में बरसाती नाले का पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष भारी बारिश के दौरान उन्हें जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है। बीती रात लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण बरसाती खाले में कटाव भी बढ़ गया, जिससे लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी।

मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

चर्चित खबरें