उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी, गर्मी ने बढ़ाई परेशानी; कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
देहरादून।
उत्तराखंड में इस बार मानसून की दस्तक में देरी देखने को मिल रही है। जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न के कारण मानसून तय समय से पीछे चल रहा है, जिसका सीधा असर प्रदेश के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी चटक धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मंगलवार को प्रदेशभर में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे गर्मी के तेवर और अधिक बढ़ गए। हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक बढ़कर 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार को मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। देहरादून का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश होने से गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
इन जिलों में तेज तूफान का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून सहित चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।
29 जून तक बदले रहेंगे मौसम के मिजाज
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 29 जून तक उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं हल्की बारिश राहत लेकर आ सकती है।
गर्मी और मानसून की देरी बढ़ा रही चिंता
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की देरी और मौसम के बदलते स्वरूप का असर कृषि, जल स्रोतों और आम जनजीवन पर पड़ सकता है। ऐसे में प्रदेश के लोग अब मानसून की सक्रियता बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि गर्मी से राहत मिल सके और बारिश का सिलसिला शुरू हो सके।

More Stories
सोहेल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: मुख्य आरोपी को हथियार सप्लाई करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलहा बरामद
रानीखेत में दर्दनाक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत
हल्द्वानी के KVM स्कूल में भीषण आग: दो बसें और जनरेटर जलकर राख, फायर सेफ्टी पर उठे बड़े सवाल