Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में भारी बारिश का हाई अलर्ट: 8 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, प्रशासन सतर्क

 

उत्तराखंड में भारी बारिश का हाई अलर्ट: 8 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, प्रशासन सतर्क

देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के कई जिलों में 31 जुलाई को भारी बारिश और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया गया है। स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, सड़क बंद होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोलने तथा पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), ग्रामीण निर्माण विभाग और बीआरओ सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।