उत्तराखंड में बारिश का खतरा बरकरार: मंदाकिनी में फंसी तीन महिलाओं का रेस्क्यू, कई जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। लकड़ियां बीनने गई तीन महिलाएं मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में फंस गईं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए मंगलवार और बुधवार को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।
लगातार बारिश के कारण छोटे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान भारी बारिश, भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों के अवरुद्ध होने, नदी-नालों के उफान, निचले क्षेत्रों में जलभराव और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आम जनता से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी: केदारनाथ हाईवे कई जगह बंद, मसूरी में भूस्खलन और मलबे से जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में बारिश का असर: देहरादून में जलभराव और मलबा, चमोली में 21 सड़कें बंद, बदरीनाथ हाईवे बाधित
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: यमुनोत्री मार्ग धंसा, हाईवे बंद, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित