उत्तराखंड में बारिश का कहर! 100 सड़कें बंद, पहाड़ों में भारी बारिश का नया अलर्ट
उत्तराखंड में बारिश का असर अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। लगातार हुई बारिश के बाद प्रदेशभर में भूस्खलन और मलबा आने से 100 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है, जहां कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 10, चमोली में 12, पिथौरागढ़ में 14, उत्तरकाशी में 10 और टिहरी में 9 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। वहीं अल्मोड़ा में 5 और रुद्रप्रयाग में 4 सड़कें अभी भी बाधित हैं। नैनीताल जिले में रामगढ़ पुल के पास हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा धंसने से भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उत्तरकाशी में स्यानाचट्टी के पास ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी मलबा आने के कारण बंद है।
प्रशासन और संबंधित विभाग युद्धस्तर पर सड़कें खोलने में जुटे हैं, ताकि जल्द से जल्द यातायात सामान्य किया जा सके। हालांकि कई स्थानों पर लगातार भूस्खलन के कारण राहत कार्यों में मुश्किलें आ रही हैं।
इस बीच रविवार को बारिश थमने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। बारिश रुकने के चलते मैदानों से लेकर पहाड़ों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
उधर मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

More Stories
दावत बनी मौत का जाल! दोस्तों के बीच बैठे युवक को मारी गोली, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
उत्तराखंड रोडवेज की बड़ी तैयारी! दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी हाइड्रोजन बसें, किराया होगा कम
दून अस्पताल में हंगामा! बच्चे ने फेंका चॉकलेट का रैपर, सफाईकर्मी पर मां को जान से मारने की धमकी देने का आरोप