Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में बारिश का असर: पापड़गाड़ में बाढ़ की सूचना, मसूरी-देहरादून मार्ग भू-धंसाव से बंद

उत्तराखंड में बारिश का असर: पापड़गाड़ में बाढ़ की सूचना, मसूरी-देहरादून मार्ग भू-धंसाव से बंद

उत्तरकाशी: तहसील भटवाड़ी क्षेत्र के पापड़गाड़ में मंगलवार को बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर आ गए। एहतियात के तौर पर यूजेवीएनएल के मनेरी, जोशियाड़ा और धरासू को भी अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों को नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सूचना मिलने के बाद तहसीलदार भटवाड़ी, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व उपनिरीक्षक को मामले से अवगत कराया गया। संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल पापड़गाड़ की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मसूरी-देहरादून मार्ग पर भू-धंसाव, यातायात बंद

वहीं, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास भू-धंसाव होने से सड़क यातायात के लिए बंद हो गया। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही के अनुसार मौके पर रोड कटिंग और हिल साइड कटिंग का कार्य भी चल रहा है। विभाग की टीम लगातार मार्ग खोलने में जुटी है और जल्द ही यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।