उत्तराखंड में मौसम ने बदला मिजाज, यमुनोत्री-हेमकुंड साहिब में बर्फबारी, यात्रा पर भी असर
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। बारिश के बीच पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से यमुनोत्री धाम और हेमकुंड साहिब का नजारा पूरी तरह बदल गया है। चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है और बारिश के साथ तापमान गिरने से ठंड भी बढ़ गई है।
यमुनोत्री धाम और यमुना घाटी में शनिवार सुबह से झमाझम बारिश का दौर जारी है। वहीं धाम के आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। टॉप, सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा क्षेत्र में हिमपात की सूचना है। बारिश और बर्फबारी के बाद यमुनोत्री धाम में ठंड काफी बढ़ गई है, हालांकि इसके बावजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
यमुना मंदिर के पुजारी गिरीश उनियाल ने बताया कि मौसम में बदलाव के बाद धाम में ठंड बढ़ गई है।
उधर, हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है। यहां आधा फीट से ज्यादा बर्फ जमने की सूचना है। मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही में मदद कर रहे हैं।
वहीं मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के बाद उत्तरकाशी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हीना और डोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रखा गया है। जिले की सभी तहसीलों से बारिश और भूस्खलन से जुड़ी जानकारी लगातार जुटाई जा रही है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की लाइव सीसीटीवी के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का पूरा फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और खराब मौसम के बीच हालात पर नजर बनाए रखने पर है।

More Stories
उत्तरकाशी में रेड अलर्ट के बाद प्रशासन अलर्ट, गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा अस्थायी रूप से रोकी
रुड़की में डबल मर्डर से सनसनी, भाई पर बहन और पड़ोसी की हत्या का आरोप
केदारनाथ में बिगड़ी दो यात्रियों की तबीयत, हेली एंबुलेंस से भेजा गया एम्स ऋषिकेश