15 साल पुराना भरोसा टूटा, कर्मचारी पर रेखा बंसल की हत्या का आरोप; बकाया मजदूरी बनी विवाद की वजह
रेखा बंसल की हत्या की जांच में पुलिस के सामने जो कहानी सामने आई है, वह हैरान करने वाली है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार को करीब 15 वर्षों से जानने वाला कर्मचारी विनीत कुमार है।
लंबे समय से परिवार के संपर्क में रहने के कारण विनीत को घर के रास्तों और वहां की परिस्थितियों की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, उसे पता था कि घर का पिछला दरवाजा अक्सर खुला रहता है और इसी रास्ते से वह घर में दाखिल हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिनेश बंसल के पास उसकी कुछ समय से मजदूरी की रकम बकाया थी। वह कई बार अपनी मेहनत की कमाई मांग चुका था, लेकिन भुगतान नहीं होने से उसके मन में नाराजगी बढ़ती गई। पुलिस इसी विवाद को वारदात की एक अहम वजह मानकर जांच कर रही है।
घटना वाले दिन विनीत पहले दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप पर पहुंचा। वहां से उसने उनकी स्कूटी ली और बंसल परिवार के घर की ओर चला गया।
पुलिस के मुताबिक, विनीत ने स्कूटी घर के बाहर खड़ी की और मुख्य दरवाजे के बजाय पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुआ। उसे पहले से मालूम था कि पिछला दरवाजा खुला रहता है। उस वक्त रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
करीब 15 साल से परिवार को जानने वाले व्यक्ति पर ही हत्या का आरोप सामने आने से मामले में भरोसे के रिश्ते पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब आरोपी के बयानों को घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों से मिलाने में जुटी है।

More Stories
नेपाल की झील से भारत तक बढ़ी टेंशन, काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब
पंजाबी समाज पर टिप्पणी को लेकर गरमाया विवाद, आकांक्षा नेगी की गिरफ्तारी की मांग
मानसून में पहाड़ों पर भूस्खलन की मार, गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग बने मुसीबत; बदरीनाथ हाईवे ने दी राहत