यमुनोत्री हाईवे पर बारिश का कहर! जगह-जगह भूस्खलन, मलबे में फंसे श्रद्धालुओं के वाहन; 12 गांवों की बिजली गुल
उत्तराखंड के यमुनोत्री क्षेत्र में देर रात हुई भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। बारिश के चलते कई जगह भू-धंसाव और भूस्खलन होने से यमुनोत्री हाईवे बाधित हो गया है।
हाईवे पर जगह-जगह मलबा और बड़े-बड़े पत्थर आने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भी फंस गए हैं। इससे आवाजाही प्रभावित हुई है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, भू-धंसाव के कारण 11 केवी विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी के करीब 12 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
हाईवे को बहाल करने के लिए एनएच की टीम सुबह से ही मशीनों के साथ मौके पर जुटी हुई है। एनएच के ईई मनोज रावत और निर्माण कार्य एजेंसी के पीएम गोपाली श्रीनिवासुलू रेड्डी के अनुसार, भारी मात्रा में मलबा आने और भू-धंसाव के कारण हाईवे बाधित हुआ है।
फिलहाल हाईवे को जल्द से जल्द खोलने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। हालांकि, मौसम और पहाड़ी से लगातार मलबा आने की स्थिति में बहाली कार्य प्रभावित हो सकता है।

More Stories
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट! 4 जिलों में ऑरेंज, 6 में येलो अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद
अटल उत्कृष्ट स्कूलों में शिक्षकों के तबादले पर सवाल! दो महीने में बदली तैनाती, 20 साल से दुर्गम में तैनात शिक्षकों को नहीं मिला लाभ
मालाकुंठी में दर्दनाक सड़क हादसा! डंपर से भिड़ी कार, भाई-बहन की मौत, दो घायल