हरिद्वार के मगध साइबर गैंग का बड़ा खुलासा! 25 लाख की ठगी के बाद रिटायर्ड कर्मचारी की मौत
श्यामपुर पुलिस के हत्थे चढ़े बिहार के मगध साइबर ठगी गैंग की जांच में बेहद गंभीर खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, गैंग ने कर्नाटक के एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी से 25 लाख 27 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर कर्मचारी ने कृष्णा नदी में छलांग लगा दी थी।
मामले में कर्नाटक पुलिस ने श्यामपुर पुलिस से संपर्क किया है और जल्द ही उसकी टीम हरिद्वार पहुंच सकती है। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से करीब 10 लाख रुपये हरिद्वार में आरोपियों से बरामद किए गए एक बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।
बुधवार को श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देशभर में साइबर ठगी करने वाले मगध गैंग से जुड़े बिहार के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 35 एटीएम/डेबिट कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और 37,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
जांच में आरोपियों द्वारा 2 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि ये लोग अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनकी जानकारी बिहार में बैठे गैंग के सरगनाओं तक पहुंचाते थे। इन खातों में साइबर ठगी की रकम आती थी और इसके बदले आरोपियों को करीब 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस जांच में कर्नाटक के विजयपुर के सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी मंजुनाथ बिडारी से जुड़ा मामला सामने आया। एफआईआर के अनुसार, पिछले साल मंजुनाथ को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन और व्हाट्सऐप कॉल आते थे। कॉल करने वाले लगातार पैसों की मांग करते और रकम नहीं देने पर मुकदमे में फंसाने तथा जेल भेजने की धमकी देते थे।
मंजुनाथ से 25 लाख 27 हजार रुपये की ठगी हुई थी। 7 अक्टूबर 2025 की शाम करीब साढ़े छह बजे वह टहलने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 11 अक्टूबर को उनका शव कृष्णा नदी में मिला।
परिजनों ने आरोप लगाया था कि लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। अब श्यामपुर पुलिस की जांच में इस मामले के तार हरिद्वार में पकड़े गए साइबर ठगी गिरोह से जुड़ते नजर आ रहे हैं। कर्नाटक पुलिस के हरिद्वार पहुंचने के बाद मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

More Stories
जेल की सलाखों के बीच भी कायम रहा भाई-बहन का प्यार, राखी बांधते ही छलक पड़ीं आंखें
रक्षाबंधन पर टूटा बहन-भाई का रिश्ता, खस्ताहाल सड़क ने ली अनामिका की जान
बदरीनाथ हाईवे पर गिरा भारी बोल्डर, 20 मीटर सड़क ध्वस्त; 8 घंटे बाद यात्रा बहाल