Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

सावन के अंतिम सोमवार पर बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

एंबुलेंस में छिपाकर ले जा रहे थे 90 किलो गांजा, श्रीनगर पुलिस ने दबोचा

श्रीनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया है।

थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध नजर आ रही एक निजी एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय रविंद्र सिंह बिष्ट, निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस चलाता है और एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था। पुलिस के मुताबिक, गांजा यहां अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।

पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज रह चुका है।

कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।