मसूरी में बारिश के बीच माल रोड पर गिरा पेड़, होटल की छत और कार क्षतिग्रस्त
मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार देर रात माल रोड स्थित गढ़वाल टैरेस के पास अचानक एक पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क किनारे लगी रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि इसकी चपेट में आने से होटल सूर्य किरण की छत और एक वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
होटल स्वामी अजय भार्गव के मुताबिक, घटना रात करीब ढाई बजे हुई। अचानक पेड़ गिरने से तेज आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पेड़ का एक हिस्सा होटल की छत पर जा अटका। गनीमत रही कि हादसे में किसी पर्यटक या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश और पेड़ के अंदर से खोखला होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ के हिस्से को माल रोड से हटाकर यातायात सुचारू कराया। हालांकि, पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी होटल की छत पर लटका हुआ है।
स्थानीय लोगों ने शहर में कमजोर और सूखे पेड़ों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के बीच ऐसे पेड़ों से हादसे का खतरा बढ़ गया है। संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर क्षेत्र में कमजोर और सूखे पेड़ों का सर्वे कर उन्हें समय रहते हटाने की मांग की गई है।

More Stories
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 80 सड़कें बंद; 28 अगस्त तक मौसम खराब रहने का अनुमान
देहरादून में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, पांच माह की गर्भवती की मौत
ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार