उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, बारिश से गिरा तापमान; पिथौरागढ़-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। दो दिन राहत के बाद शुक्रवार को उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। दिनभर हुई बारिश का सीधा असर तापमान पर देखने को मिला और मैदान से लेकर पहाड़ तक पारा गिर गया। वहीं, मैदानी इलाकों में कई जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तड़के सुबह शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 7.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। सबसे अधिक बारिश पिथौरागढ़ जिले में दर्ज की गई, जहां कुल 61.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। 20 अगस्त तक उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

More Stories
CM धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मुक्तेश्वर से लौट रहे फरीदाबाद के 22 सैलानियों का टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, मचा हड़कंप