Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

उत्तराखंड में आधी रात भूकंप से हिली धरती, उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का झटका; घरों से बाहर निकले लोग

उत्तराखंड में आधी रात भूकंप से हिली धरती, उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का झटका; घरों से बाहर निकले लोग

उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में सोमवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का तेज भूकंप महसूस किया गया, जबकि टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का झटका दर्ज हुआ। राहत की बात यह है कि दोनों जिलों में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

उत्तरकाशी की यमुना और गंगा घाटी समेत कई क्षेत्रों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। झटका इतना तेज था कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने आसपास रहने वाले परिचितों और रिश्तेदारों को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी ली।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, उत्तरकाशी में भूकंप का झटका देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार इसकी तीव्रता 4.2 रही और भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसका केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी के आसपास बताया गया है।

वहीं, टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई।

फिलहाल दोनों जिलों से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन रात के समय आए भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।