Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे कई जगह बंद, 8 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

 

उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे कई जगह बंद, 8 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया समेत कई जगहों पर मलबा और भारी बोल्डर गिरने से बंद हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीमें युद्धस्तर पर मार्ग को खोलने में जुटी हुई हैं।

वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहेगा। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और गर्जन की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से गर्मी का एहसास बना रहा।

देहरादून में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला।